अपने हक की बात करने पर पार्टी से निकाली गई : फूट-फूट कर रोईं जेबा खान, कांग्रेस नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप

अपने हक की बात करने पर पार्टी से निकाली गई : फूट-फूट कर रोईं जेबा खान, कांग्रेस नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप
मानगो/जमशेदपुर।
कांग्रेस पार्टी से निष्कासन के बाद शाइस्ता परवीन उर्फ जेबा खान ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भावुक होकर अपना दर्द बयां किया। इस दौरान वे फूट-फूट कर रो पड़ीं और पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए।
जेबा खान ने कहा कि उन्हें अपने हक और अधिकार की बात करने की सजा दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के अंदर बैठे कुछ प्रभावशाली लोगों, विशेष रूप से ब्रज गुप्ता जैसे नेताओं के दबाव में उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया। उन्होंने कहा कि यह फैसला न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि कांग्रेस की लोकतांत्रिक परंपरा और विचारधारा के भी खिलाफ है।
प्रेस वार्ता के दौरान भावुक होते हुए जेबा खान ने सवाल उठाया—
“क्या मुस्लिम होना मेरी गलती है? क्या अपने समाज के हक और अधिकार की बात करना अपराध है? क्या एक गरीब मुस्लिम तबके की बेटी की आवाज को दबाने की कोशिश नहीं की जा रही?”
उन्होंने कहा कि वे पिछले करीब 10 वर्षों से कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्य रही हैं और पार्टी की विचारधारा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करती रही हैं। CAA/NRC आंदोलन से लेकर किसान आंदोलन तक वे सड़कों पर उतरीं और अपने परिवार व बच्चों से दूर रहकर पार्टी के लिए काम किया।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कन्याकुमारी से कश्मीर तक 4200 किलोमीटर पैदल चलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया, उसी पार्टी ने आज उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।
जेबा खान ने आरोप लगाया कि पार्टी के अंदर गुटबाजी और भाई-भतीजावाद हावी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में ब्रज गुप्ता ने अपने भाई को जिला अध्यक्ष बनवाने का प्रयास किया और वर्ष 2025 में अपनी पसंद का जिला अध्यक्ष बनवाने में सफल रहे। अब उसी दबाव में उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान रोते हुए उन्होंने कहा—
“आज मानगो की बेटी की आंखों से खून के आंसू बह रहे हैं, लेकिन फैसला अब जनता करेगी। मेरी आवाज दबाई नहीं जा सकती।”
अंत में उन्होंने शायरी के माध्यम से अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा—
“अगर खिलाफ हैं तो होने दो, जान थोड़ी है,
ये सब धुआं है, कोई आसमान थोड़ी है।
हमारे मुंह से जो निकले वही सच्चाई है,
हमारे मुंह में तुम्हारी जुबान थोड़ी है।”
जेबा खान के इस भावुक बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें कांग्रेस पार्टी की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं कि पार्टी इस पूरे मामले पर क्या रुख अपनाती है और आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई