रांची में मिनी आर्म्स फैक्ट्री का खुलासा, 19 देशी बंदूक सहित अन्य सामान बरामद

रांची में मिनी आर्म्स फैक्ट्री का खुलासा, 19 देशी बंदूक सहित अन्य सामान बरामद

रांची : राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और बिक्री के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर 19 तैयार देशी बंदूक, 4 अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के सामान बरामद किए हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार शख्स का नाम नारायण लोहरा है। करीब 60 साल का नारायण लोहरा अनगड़ा के ही सीताडीह का रहने वाला है। पूछताछ में उसने अवैध हथियार बनाने और बेचने की बात स्वीकार की। इस बात का खुलासा रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने मीडिया को बताया कि बीते 6 फरवरी की शाम करीब 6:40 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अनगड़ा थाना क्षेत्र के सीताडीह गांव में एक शख्स अपने घर में अवैध रूप से हथियार बनाकर बेच रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर की देखरेख में सिल्ली डीएसपी रणवीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। अनगड़ा के सर्किल एंस्पेक्टर रविन्द्रनाथ सिंह की लीढरशिप में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीताडीह गांव पहुंचकर संदिग्ध के घर पर छापेमारी की।

घर में छिपाकर रखे थे हथियार
छापेमारी के दौरान नारायण लोहरा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अवैध हथियार बनाने और बेचने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से 10 तैयार सिंगल बैरल देशी हथियार बरामद हुए। इसके अलावा घर के पीछे एल्वेस्टर के नीचे छिपाकर रखे गए 9 अन्य सिंगल बैरल हथियार भी बरामद किए गए। वहीं 4 अर्धनिर्मित अग्नेयास्त्र और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस ने जब संबंधित वैध कागजात मांगे तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में अनगड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह हथियार किन लोगों को सप्लाई करता था और इस अवैध धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल

इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक रविन्द्रनाथ सिंह, थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार, पुअनि अनिल कुमार मेहता, सअनि विजय कुमार दास सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई