Jamshedpur जुगसलाई में बड़ी चोरी का खुलासा, लाखों के गहने व नकदी बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत एमजीएम स्कूल रोड, निर्मल सेवा सदन अस्पताल के पास स्थित एक मकान में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण एवं नकदी बरामद की है।

दिनांक 01 फरवरी 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा घर का ताला तोड़कर सोना-चांदी सहित अन्य कीमती आभूषणों की चोरी की गई थी। इस संबंध में जुगसलाई थाना कांड संख्या 06/26 दिनांक 03.02.2026, धारा 331(4)/305 बीएनएस-2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था जमशेदपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना, सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन एवं डॉग स्क्वायड की सहायता से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चोरी की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक कुमार सिंह (23 वर्ष), पिता मनोज कुमार सिंह, निवासी सेवा सदन के पास, थाना जुगसलाई, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोना-चांदी के गहने, सिक्के एवं नकदी बरामद की गई। बरामद संपत्ति का अनुमानित मूल्य लगभग एक करोड़ रुपये बताया गया है।

बरामद सामानों में सोने जैसे धातु के कंगन, चूड़ियां, चेन, अंगूठियां, लॉकेट, झुमके, मांगटीका, नथिया एवं विभिन्न वजन के चांदी जैसे धातु के सिक्के (10 ग्राम, 20 ग्राम, 25 ग्राम एवं 50 ग्राम), चांदी के पायल, कमर बेल्ट एवं बिछिया शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त चोरी की वारदात में प्रयुक्त काला फेस प्रिंटेड शॉल, काला-उजला-नीला मफलर, लोहे का रॉड तथा रंगीन ताला खोलने का औजार भी पुलिस ने बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी साकची थाना कांड संख्या 218/2024, दिनांक 24.10.2024, धारा 306/316(4)/318(3)/3(5) बीएनएस-2023 के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा अन्य संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई