वार्ड 21 में बदलाव की हुंकार: मनुश्री दुबे ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भरा नामांकन
जमशेदपुर।
जुगसलाई नगर परिषद के वार्ड संख्या 21 से मनुश्री दुबे ने आज 3 फरवरी को करनडीह स्थित प्रखंड सह अंचल कार्यालय, जमशेदपुर पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। पेशे से एडवोकेट और राजनीति में एक नए व बेदाग युवा चेहरे के रूप में मनुश्री दुबे ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरकर वार्ड की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। मनुश्री ने साफ शब्दों में कहा कि ” वार्ड 21 में उन्हें महिला सुरक्षा, टूटी सड़कें, नाली और जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था जैसी बुनियादी समस्याओं पर काम कर सुधार करना है। क्योंकि ये मुद्दे वर्षों से बड़ी अव्यवस्था का कारण रहे हैं। उनका चुनावी संकल्प है कि इन समस्याओं को सिर्फ़ मुद्दा नहीं, बल्कि प्राथमिकता बनाकर जमीन पर समाधान किया जाएगा। अब वार्ड 21 को ऐसे प्रतिनिधि की ज़रूरत है जो सिर्फ़ चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर दिन जनता के बीच खड़ा रहे और जन-जन को उसका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करे।”
एक युवा प्रत्याशी होने के नाते मनुश्री दुबे युवाओं की ऊर्जा, महिलाओं की सुरक्षा और बुज़ुर्गों के सम्मान को केंद्र में रखकर विकास की नई दिशा तय करना चाहती हैं।
नामांकन के दौरान उनके साथ परिवारजन, मित्रगण, मुहल्ले के नागरिक एवं अधिवक्ता साथी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिससे यह साफ संदेश गया कि उनको समाज के हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है।
मनुश्री दुबे ने कहा,
“यह नामांकन सिर्फ़ एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि वार्ड 21 में जवाबदेही, ईमानदारी और बदलाव की शुरुआत है।”







