चक्रधरपुर | केंद्रीय बजट 2026–27 में झारखंड और ओडिशा के लिए रेलवे अनुदान में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित प्रेस मीट को संबोधित करते हुए माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस बजट में रेलवे के आधुनिकीकरण, विस्तार और यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया है। रेल मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2026–27 में झारखंड के लिए रेलवे मद में कुल 7,536 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि 2009 से 2014 के दौरान औसत वार्षिक परिव्यय मात्र 457 करोड़ रुपये था। इस प्रकार वर्तमान बजट आवंटन पूर्व की तुलना में लगभग 16 गुना अधिक है।
वहीं ओडिशा राज्य के लिए वर्ष 2026–27 में कुल 10,928 करोड़ रुपये का रेलवे बजट आवंटित किया गया है। जबकि 2009–14 के दौरान औसत परिव्यय 838 करोड़ रुपये रहा था। यह आवंटन उस अवधि की तुलना में लगभग 13 गुना अधिक बताया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान चक्रधरपुर रेल मंडल (CKP) मुख्यालय में डीआरएम श्री तरुण हुरिया उपस्थित रहे। उन्होंने बजट आवंटन को लेकर मीडियाकर्मियों से बातचीत की तथा चक्रधरपुर डिवीजन में संचालित एवं प्रस्तावित रेलवे परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बढ़ा हुआ बजट क्षेत्र में रेल आधारभूत संरचना को मजबूती देगा और विकास की गति को और तेज करेगा।







