झारखंड में बांग्ला भाषा एवं सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय बांग्ला उत्सव 2026 का भव्य आयोजन आगामी 01 फरवरी 2026 को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में किया जाएगा। इस आयोजन की जानकारी बांग्ला उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं योग गुरु अंशु सरकार ने एक संवाददाता सम्मेलन में दी।
उन्होंने बताया कि यह उत्सव सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से कलाकार, साहित्यकार और संस्कृति प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। यह उत्सव बांग्ला भाषा, लोककला और सांस्कृतिक विरासत को एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में सरकार योग अकादमी की टीम द्वारा विशेष योग प्रदर्शन किया जाएगा। चास के पुपुकी आश्रम एवं अखंड मंडली द्वारा आध्यात्मिक संगीत की प्रस्तुति होगी। नेताजी संगीत विद्यालय, चाईबासा के कलाकार पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करेंगे। वहीं मानसी म्यूजिक डांस अकादमी, घाटशिला की टीम द्वारा संगीत एवं नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी।
जमशेदपुर की सोमी बोस, संदीप बोस, सुदीप्ता दास एवं उनकी टीम द्वारा बसंत ऋतु की थीम पर कथक एवं रवींद्र संगीत आधारित नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। शुभ्रतो विश्वास, अर्जुन राय संगीत और देवांजली राय चौधरी की टीम द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां होंगी।
प्रसिद्ध बांसुरी वादक अशोक दास एवं माउथ ऑर्गन वादक विकास कुमार शीट की जुगलबंदी इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण होगी। इसके अलावा रांची के सजल बनर्जी एवं उनकी टीम द्वारा रवींद्र संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी, जबकि पश्चिम बंगाल के मालदा से सुर संगम की टीम द्वारा बांग्ला लोक संगीत प्रस्तुत किया जाएगा।
संध्या सत्र में प्रसिद्ध लोक गायिका अर्पिता चक्रवर्ती अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।
इस भव्य आयोजन में झारखंड के सभी जिलों से हजारों की संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। यह उत्सव केवल बांग्ला समाज के लिए ही नहीं बल्कि झारखंड की समग्र सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने का भी महत्वपूर्ण अवसर होगा।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड की 25 सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ, मुख्य संरक्षक सचिव भट्टाचार्य सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
प्रमुख अतिथियों में होंगे शामिल
कार्यक्रम में निम्न गणमान्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे:
चीफ ऑफ वर्क्स, टाटा स्टील – डॉ. सौमित्र दत्ता
डायरेक्टर, NIT जमशेदपुर – डॉ. गौतम सूत्रधार
डायरेक्टर, NML – डॉ. संदीप घोष चौधरी
महोगनी रूम, टाटा स्टील – प्रणयशेखर मिश्रा (बिजलीपुर)
ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से – अंजलि बहन
बैठक में मौजूद रहे समिति के पदाधिकारी
इस आयोजन की आधिकारिक बैठक बिष्टुपुर स्थित मिलानी सभागार में संपन्न हुई, जिसमें बांग्ला उत्सव समिति के:
चेयरमैन – पार्थ सारथी चटर्जी
अध्यक्ष – अंशु सरकार
कार्यकारी अध्यक्ष – अपर्णा गुहा
एडवाइजर – इंद्रजीत घोष
पूर्वी घोष, मिथिलेश घोष, शुभंकर चटर्जी, अशोक दत्ता, प्रकाश मुखर्जी, नंदू सरकार
महासचिव – उत्तम गुहा
कोषाध्यक्ष – अमित माइति
सहित कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे।
आम जनता से अपील
समिति ने आम जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक महोत्सव को सफल बनाएं। इस दिन गोपाल मैदान रंग-बिरंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सराबोर रहेगा और जमशेदपुर बांग्ला संस्कृति के रंग में रंग जाएगा।






