आदित्यपुर व टाटानगर स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश

आदित्यपुर व टाटानगर स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश
जमशेदपुर/आदित्यपुर:
चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया शनिवार को आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फरवरी के प्रथम सप्ताह से आदित्यपुर स्टेशन से आठ ट्रेनों के परिचालन को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।
डीआरएम ने प्लेटफॉर्म की दिशा व्यवस्था, टिकट काउंटर, आरक्षण टिकट काउंटर एवं पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। साथ ही स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए दुकानें खोलने की योजना पर भी चर्चा की गई। यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर स्टेशन मास्टर से विशेष रूप से बातचीत की गई।
निरीक्षण के उपरांत डीआरएम तरुण हुरिया आदित्यपुर से टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने रिजर्वेशन काउंटर, टिकट काउंटर तथा प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में लंबे समय से बंद पड़े एस्केलेटर को अविलंब चालू करने का निर्देश दिया तथा यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
थर्ड लाइन निर्माण कार्य को लेकर डीआरएम ने कहा कि कार्य तेजी से चल रहा है और इसे बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा। वहीं टाटानगर रेलवे स्टेशन के आसपास क्षेत्र में प्रस्तावित रेलवे फ्लाईओवर निर्माण को लेकर भी उन्होंने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि सड़क एवं फ्लाईओवर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
डीआरएम ने बताया कि टाटानगर रेलवे स्टेशन को हाईटेक स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो सुविधाओं के मामले में एयरपोर्ट से कम नहीं होगा। इससे यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई