15 दिनों बाद सकुशल घर लौटे कैरव गांधी, शहर में खुशी की लहर
जमशेदपुर शहर के चर्चित उद्यमी एवं एसिया उपाध्यक्ष देवांग गांधी के अपहृत पुत्र सह युवा उद्यमी कैरव गांधी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। करीब 15 दिनों बाद आज सुबह लगभग 4:30 बजे पुलिस टीम ने उन्हें सुरक्षित उनके आवास पहुंचाया। बेटे की सुरक्षित वापसी से परिवार ने राहत की सांस ली और पूरे शहर में खुशी का माहौल है।
गौरतलब है कि 13 जनवरी को कैरव गांधी के अचानक लापता होने से जमशेदपुर में सनसनी फैल गई थी। राजनीतिक, व्यवसायिक और सामाजिक हलकों में इस घटना को लेकर लगातार चिंता और चर्चा बनी हुई थी। परिजनों ने भी प्रशासन से उनके सकुशल वापसी की अपील की थी।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच जारी है और बरामदगी से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
दो दिन पूर्व झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा जमशेदपुर पहुंची थीं और इस मामले की समीक्षा की थी। हालांकि जमशेदपुर पुलिस कप्तान ने इसे रूटीन विजिट बताया था। अब कैरव गांधी की सकुशल वापसी के बाद पूरे घटनाक्रम से जुड़े खुलासे की प्रतीक्षा की जा रही है।
कैरव गांधी की वापसी के बाद उनसे मिलने पहुंचे जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि जब वे घर पहुंचे तब कैरव गांधी सो रहे थे, इसलिए उन्हें जगाना उचित नहीं समझा। उन्होंने बताया कि घर में अपार खुशी का माहौल है और परिजनों ने पुलिस टीम को धन्यवाद दिया है, जिन्होंने लगातार मेहनत कर उन्हें सकुशल बरामद किया।
सरयू राय ने बताया कि इस पूरे मामले में डीजीपी और एसपी लगातार दिन में दो-तीन बार अपडेट लेते थे। सिटी एसपी ने यहां तक कहा कि उनके घर में भी परिवारजन रोज पूछते थे कि कैरव गांधी का क्या समाचार है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी होगी और इस पूरे मामले को लेकर आज किसी भी समय पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकती है।
अब शहरवासियों की निगाहें पुलिस के आधिकारिक बयान और पूरे मामले के खुलासे पर टिकी हुई हैं।







