नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर सेवा ही लक्ष्य का आयोजन
शोभा यात्रा, माल्यार्पण व रक्तदान शिविर में दिखा जनसैलाब
जमशेदपुर:
जहां एक ओर पूरे शहर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है, वहीं परसुडीह क्षेत्र में सेवा ही लक्ष्य सामाजिक संस्था की ओर से भी जयंती को समारोहपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर संस्था की ओर से शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं युवा शामिल हुए। साथ ही नेताजी की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। हलुदबनी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर माल्यार्पण कर नेताजी के विचारों को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर की सबसे खास बात यह रही कि रक्तदान करने वालों में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही, जो अपने आप में एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
शिविर में एकत्रित रक्त को गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के इलाज में उपयोग किया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष मानिक मलिक ने कहा कि “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। संस्था का लक्ष्य है कि रक्त के अभाव में किसी की जान न जाए। इसी उद्देश्य से लगातार रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।”
उन्होंने बताया कि जमशेदपुर पूरे देश में रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी है, जहां लोग नियमित रूप से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश करते हैं।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष मानिक मलिक, महासचिव सह जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक, झामुमो नेता देवजीत मुखर्जी समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।





