सीसीटीवी में कैद तीन चोर, पत्रकार की बाइक चोरी कर मानगो की ओर फरा
जमशेदपुर: शहर में बाइक चोरी की एक गंभीर और सनसनीखेज़ घटना सामने आई है। चोरी की यह पूरी वारदात अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन चोरों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित राजेश कुमार सिंह, जो पेशे से पत्रकार हैं, ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि दिनांक 23 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल (नंबर: JH05 AZ-5611) को प्रेस क्लब कार्यालय के सामने खड़ा किया था।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सबसे पहले एक युवक अकेले बाइक लेकर प्रेस क्लब के पास से निकलता है। इसके बाद वह डीसी ऑफिस के पास पहुंचकर दो अन्य युवकों को अपने साथ बैठाता है। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर शहर की ओर आगे बढ़ते हैं।
आगे चलकर मरीन ड्राइव गोलचक्कर के पास बाइक सवार चोरों ने एक अज्ञात वाहन को धक्का मार दिया, लेकिन बिना रुके मानगो की दिशा में फरार हो गए। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
करीब आधे घंटे बाद जब पीड़ित वापस लौटे तो उनकी बाइक वहां मौजूद नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब बाइक का कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने थाना पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं से आम लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं नागरिकों ने पुलिस से रात्रि गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।






