Ghatsila तारापद महतो हत्याकांड से उबाल, पुटरु टोल प्लाजा के पास एनएच-33 जाम

तारापद महतो हत्याकांड से उबाल, पुटरु टोल प्लाजा के पास एनएच-33 जा

वार्ता के बाद खुला मार्ग, परिजनों ने शव किया स्वीकार

घाटशिला।

घाटशिला प्रखंड के पुटरु गांव निवासी तारापद महतो की हत्या के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विभिन्न राजनीतिक संगठनों के नेताओं के साथ मिलकर पुटरु टोल प्लाजा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-33 को दोनों ओर से जाम कर दिया। जाम के कारण टाटा-बहरागोड़ा मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

आंदोलनकारियों ने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार कर दिया। मौके पर मौजूद कुड़मी सेना के केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो ने कहा कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जाम के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एनएच-33 के दोनों ओर भारी संख्या में बल की तैनाती कर दी। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

इधर, जाम की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता शुरू की। प्रशासन की ओर से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मामले में त्वरित न्याय का आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलनकारियों ने जाम समाप्त करने पर सहमति जताई।

प्रशासन से बातचीत के बाद मृतक तारापद महतो के परिजनों ने शव को स्वीकार कर लिया। इसके बाद एनएच-33 पर लगाया गया जाम पूरी तरह समाप्त कर दिया गया और कुछ ही देर में यातायात सामान्य रूप से बहाल हो गया।

मौके पर जेएलकेएम पार्टी के कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो, कुड़मी सेना के केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो, आंदोलनकारी नेता हरमोहन महतो, भानुमति महतो, अमित महतो, रामदास मुर्मू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाजसेवी उपस्थित थे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई