*रांची शहर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, चर्च रोड से कर्बला चौक तक कार्रवा*
*रांची :* शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रांची नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को निगम की इंफोर्समेंट टीम ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से चर्च रोड से कर्बला चौक तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान डेली मार्केट चौक से चर्च रोड होते हुए कर्बला चौक तक सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। यह इलाका लंबे समय से जाम और यातायात बाधा की समस्या से जूझ रहा था। कार्रवाई से पहले निगम और अंचल कार्यालय के अमीन ने सड़क की विधिवत मापी की, जिसके बाद दुकानों के बाहर रखे सामान, गुमटियां, अवैध निर्माण और शेड हटाए गए। कई स्थानों पर बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण तोड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि नगर निगम गरीबों पर कार्रवाई करता है, जबकि बड़े दुकानदारों पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया जाता। बावजूद इसके, निगम की टीम ने अभियान जारी रखा।
नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि शहर को जाम और अतिक्रमण से मुक्त रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण न करें और रांची को सुचारु, सुरक्षित एवं सुंदर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।







