जमशेदपुर के मखदुमपुर इलाके में मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। बादामपहाड़–टाटानगर पैसेंजर ट्रेन के मार्ग पर हाईटेंशन तार में लाल कपड़ा फंसा हुआ था जिसे देखकर लोको पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। लोको पायलट की सूझबूझ से समय रहते ट्रेन रोक ली गई, जिससे सैकड़ों रेल यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही ट्रेन मखदुमपुर के पास पहुंची, लोको पायलट की नजर ऊपर लटक रहे लाल कपड़े पर पड़ी। खतरे को भांपते हुए उन्होंने बिना देरी किए ट्रेन रोक दी और रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची रेलवे टीम ने जांच के बाद हाईटेंशन तार से लाल कपड़ा हटाया।
प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह हरकत बच्चों की शरारत का नतीजा हो सकती है। हालांकि, इस तरह की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के कारण ट्रेन करीब एक घंटे तक वहीं खड़ी रही, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आसपास के लोगों से अपील की है कि वे बच्चों को रेलवे ट्रैक और बिजली के तारों के आसपास जाने से रोकें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना रेलवे प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की गई है। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि इससे न सिर्फ सरकारी संपत्ति को नुकसान होता है, बल्कि यात्रियों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।






