टेल्को में युवक का शव बरामद, गला रेतकर हत्या की आशंका
इलाके में दहशत, पुलिस हर एंगल से जांच में जुट
जमशेदपुर।
टेल्को थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शनिवार सुबह सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में युवक की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के गले पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे यह प्रतीत होता है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। घटनास्थल पर खून के धब्बे या संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिलने से पुलिस को संदेह है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस युवक की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।
टेल्को थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।







