जमशेदपुर : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र (AIA) के उद्यमी और ‘एम्पायर ऑटो’ संचालक देवांग चंद्र गांधी के 25 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी के रहस्यमय ढंग से लापता हो गए. परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की गुहार लगाई है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने मांग की है.
मिली जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस इलाके में रहने वाले कैरव गांधी मंगलवार दोपहर अपनी सफेद क्रेटा कार (JH05EB 2161) से आदित्यपुर में अपनी कंपनी जाने के लिए घर से निकले थे. जब काफी देर तक वह ऑफिस नहीं पहुंचा और उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की.
जब कैरव के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, तो उद्योगपति देवांग गांधी ने बिष्टुपुर थाने को मामले की जानकारी दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और सर्विलांस का सहारा लिया गया. इस दौरान देर शाम को चांडिल पुलिस स्टेशन इलाके में NH-33 पर ‘सिल्वर सैंड रिसॉर्ट’ के पास कैरव की कार लावारिस हालत में मिली.
पुलिस ने शहर के विभिन्न रूटों और बिष्टुपुर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें कैरव सामान्य रूप से गाड़ी चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल, जमशेदपुर और सरायकेला जिले की पुलिस आपसी तालमेल से इस हाई-प्रोफाइल मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है.





