कल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे आदित्यपुर स्थित एनएसएमसीएच का उद्घाटन, सभी तैयारियाँ पूर
Adityapur: आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएसएमसीएच) का उद्घाटन कल 9 जनवरी (शुक्रवार) को दिन के 1 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम के लिए मदन मोहन स्कूल परिसर में हेलीपैड का निर्माण किया गया है, जहां मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग के जरिए एनएसएमसीएच परिसर आएंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार, सांसद जोबा मांझी, विधायक मंगल कालिंदी एवं चंपई सोरेन को भी आमंत्रित किया गया है।
यह जानकारी संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि एनएसएमसीएच में 950 बेड का अत्याधुनिक मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल स्थापित किया गया है, साथ ही 100 सीटों वाला एमबीबीएस मेडिकल कॉलेज भी शुरू किया गया है। मेडिकल कॉलेज के पहले बैच का नामांकन पूरा हो चुका है और कक्षाएं भी प्रारंभ हो चुकी हैं।
गौरतलब है कि यह आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र का पहला मेडिकल कॉलेज और अस्पताल है, जिससे न केवल क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नया अध्याय जुड़ेगा।






