Jharkhand झारखंड में बदलेगा मौसम, बढ़ेगी सर्दी और ठंडा कोहरा*

*झारखंड में बदलेगा मौसम, बढ़ेगी सर्दी और ठंडा कोहरा

 

*रांची :* झारखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ और हिमालयी क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी का असर अब राज्य में दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आज से न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे सर्दी और बढ़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंडी और शुष्क हवाएं झारखंड की ओर बढ़ रही हैं। इसके चलते सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी। दिन में धूप निकलने के बावजूद कनकनी बनी रहेगी।

 

*15 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट*

 

मौसम विभाग ने आज और कल राज्य के 15 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इनमें रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, लातेहार, लोहरदगा और गुमला शामिल हैं। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।

 

*तापमान में गिरावट से बढ़ेगी ठिठुरन*

 

बीते 24 घंटों में कांके का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, मैकलुस्कीगंज का 6.5 डिग्री और गुमला का 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में न्यूनतम तापमान 12.3 और अधिकतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में तापमान और गिर सकता है।

 

*कोहरे से यातायात प्रभावित*

 

शनिवार रात रांची में घने कोहरे के कारण हवाई और रेल सेवाएं प्रभावित रहीं। कोलकाता, पुणे, दिल्ली और हैदराबाद से आने वाली उड़ानें एक से दो घंटे की देरी से पहुंचीं। कई ट्रेनें भी तय समय से देर से पहुंचीं। यात्रियों को सुबह के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

*एक सप्ताह तक ठंड का असर*

 

मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक झारखंड में सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। ग्रामीण और खुले इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस हो सकता है। लोगों को गर्म कपड़े पहनने और सुबह जल्दी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई