Ranchi*रिम्स में जल्द शुरू होगी किडनी ट्रांसप्लांट सेवा — झारखंड सरकार ने बढ़ाया बड़ा कदम

*रिम्स में जल्द शुरू होगी किडनी ट्रांसप्लांट सेवा — झारखंड सरकार ने बढ़ाया बड़ा कद*

 

*रांची :* झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में किडनी ट्रांसप्लांट सेवा शुरू करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम बढ़ाया है। इस पहल से झारखंड के किडनी रोगियों को अब राज्य से बाहर जाकर इलाज कराने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद है।

सरकार की योजना है कि रिम्स के साथ-साथ राज्य के अन्य सरकारी अस्पतालों में भी चरणबद्ध तरीके से किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू की जाए, ताकि उन्नत चिकित्सा सेवाएं झारखंड में ही उपलब्ध हो सकें।

9 जनवरी को होगी अहम बैठक

इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के उप सचिव ध्रुव प्रसाद द्वारा पत्र जारी किया गया है। पत्र के अनुसार, 9 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे एक एडवायजरी कमिटी की बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में होगी।

बैठक में फिलहाल रांची के दो अस्पतालों — राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) और राज हॉस्पिटल, रांची — को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए पंजीकरण और लाइसेंस दिए जाने पर विचार किया जाएगा।

तकनीकी समिति करेगी निरीक्षण

स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, किसी भी अस्पताल को किडनी ट्रांसप्लांट की अनुमति से पहले निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं की अध्यक्षता में एक तकनीकी समिति का गठन किया जाता है।

यह समिति संबंधित अस्पताल का स्थल निरीक्षण कर वहां की सुविधाओं का मूल्यांकन करती है — जिसमें नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी विभाग, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, ब्लड बैंक, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक संसाधन शामिल हैं।

समिति अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करती है, जिसके आधार पर एडवायजरी कमिटी यह निर्णय लेती है कि अस्पताल निर्धारित मानकों और अर्हताओं को पूरा करता है या नहीं।

राज्य में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा

सभी शर्तें पूरी होने की स्थिति में अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग की अध्यक्षता में अंतिम निर्णय लिया जाएगा और अस्पताल को किडनी ट्रांसप्लांट का लाइसेंस जारी किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रिम्स में यह सेवा शुरू होने से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इससे न केवल मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा, बल्कि झारखंड में उन्नत चिकित्सा सेवाओं का विस्तार भी होगा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई