*_पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने सांसद विद्युत वरण महतो से मिलकर टाटा–जयपुर_* *_सीधी रेल सेव की पुरज़ोर मांग रखी जिला अध्यक्ष ने कहा—मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा_*
जमशेदपुर, ___ जनवरी 2026:
नववर्ष के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन का एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर लोकसभा के लोकप्रिय सांसद माननीय श्री विद्युत वरण महतो जी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट हेतु मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने टाटानगर से जयपुर के लिए वर्षों से लंबित सीधी रेल सेवा की मांग को प्रमुखता से उठाया।
जिला अध्यक्ष श्री मुकेश मित्तल ने सांसद महोदय को अवगत कराया कि जमशेदपुर से राजस्थान के लिए सीधी रेल सेवा के अभाव में व्यापार, रोजगार, शिक्षा, धार्मिक यात्राओं एवं पारिवारिक कार्यों हेतु यात्रा करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह मांग केवल मारवाड़ी समाज ही नहीं, बल्कि कोल्हान क्षेत्र के लाखों यात्रियों से जुड़ी है।
सांसद श्री विद्युत वरण महतो ने मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि आगामी बजट सत्र में वे टाटानगर–जयपुर सीधी रेल सेवा का विषय पुनः संसद में उठाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रेल मंत्री से पूर्व में भी चर्चा हो चुकी है तथा खड़गपुर वाया टाटानगर होकर जयपुर तक रेल सेवा प्रारंभ कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद महोदय ने विश्वास जताया कि माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के नेतृत्व में यह वर्षों पुरानी मांग शीघ्र पूरी होगी।
जिला अध्यक्ष श्री मुकेश मित्तल ने समाज के लोगों को नव वर्ष के अवसर पर संदेश देते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि इस बार भी टाटा–जयपुर रेल सेवा प्रारंभ नहीं हुई, तो समाज अपनी इस चिर प्रतीक्षित मांग को लेकर आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगा।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष श्री मुकेश मित्तल, महासचिव श्री प्रदीप मिश्रा, श्री आकाश शाह, मारवाड़ी समाज काशीडीह के अध्यक्ष श्री सुरेश अग्रवाल, सम्मानित सदस्य श्री महेश छापोलिया, श्री राहुल अग्रवाल एवं श्री अंकित मोदी उपस्थित थे।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद महोदय का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।







