मानगो गोकुल नगर निवासी जीत महतो की मृत्यु के संबंध में सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि जीत महतो क स्वाभाविक मृत्यु नहीं बल्कि पुलिस प्रताड़ना के कारण पुलिस के हिरासत में हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलने के पश्चात सांसद श्री महतो ने आज शाम गोकुल नगर जाकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की। मृतक की माँ पूजा महतो ने जिस प्रकार घटना के बारे में बताया वह दिल दहलाने वाला था। सांसद श्री महतो ने कहा कि जिस प्रकार से जीत महतो की गिरफ्तारी हुई है वह कई प्रकार के संदेहों को जन्म देता है। इतना ही नहीं उनके मृत्यु के बाद पुलिस ने आनन-फानन में जिस तरह पोस्टमार्टम करवाकर उसका अंत्येष्टि कराई वह भी संदेह के घेरे में है। सांसद श्री महतो ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि मृतक के परिजनों को दो लाख रूपये की राशि दी गई है। सवाल यह है कि यह राशि कहाँ से आई ? यह किस मद से दिया गया?किसने इसकी स्वीकृति दी? सांसद श्री महतो ने कहा कि क्या झारखंड में एक युवा झारखंडी के जान कीमत सिर्फ दो लाख रूपया है?सांसद श्री महतो ने कहा कि मात्र एक छोटे मोबाइल की चोरी के संदेह में जबरन पुलिस ने जीत महतो को गिरफ्तार कर उसे अपने हिरासत में रखा और पुलिस प्रताड़ना से मृत्यु के बाद उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया। सांसद श्री महतो ने कहा कि जिस थाना प्रभारी के तहत यह मामला घटित हुआ उनका पूर्व इतिहास भी भारतीय सेना के जवान से मारपीट करने और दुर्व्यवहार करने का रहा है।सांसद श्री महतो ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक से मांग किया है कि इस घटना के जिम्मेदार पुलिस पदाधिकारियों पर हत्या का मामला दर्ज किया जाए ।सभी शामिल कर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए। साथ ही साथ उच्चस्तरीय जांच कर मामले का पर्दाफाश किया जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
सांसद ने सरकार से मांग किया है कि मृतक अपने परिवार का एक मात्र सहारा था उस परिवार को समुचित मुआवजा दिलाया जाए ताकि उसके परिवार और नवजात शिशु का भरणपोषण हो सके।
सांसद श्री महतो ने कहा यह निहायत गंभीर मामला है और इसकी उच्च स्तरीय जांच अत्यंत आवश्यक है ।
यदि प्रशासन के तरफ से इस संबंध में यथाशीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन किया जाएगा और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाया जाएगा।
आज मृतक परिवार से मिलने के दौरान विनोद राय, रविंद्र सिंह शिशोदिया,सुशील पांडे,अनिमेष सिंहा,मुन्ना मिश्रा, राकेश प्रसाद महेश सिंह, सुमन श्रीवास्तव,नवनीत तिवारी उपस्थित थे।







