*पत्रकार से मारपीट–दुर्व्यवहार मामले में बड़ी कार्रवाई, हंसडीहा थानेदार निलंबि*
*दुमका।* जिले में पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार के एक गंभीर मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। पत्रकार मृत्युंजय पांडेय के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में दुमका एसपी पितांबर सिंह खेरवार ने हंसडीहा थाना के तत्कालीन प्रभारी ताराचंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मामले की विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। निलंबन आदेश जारी होने के साथ ही हंसडीहा थाना की जिम्मेदारी अब जिम्मी हांसदा को सौंप दी गई है, जिन्हें नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बताया जाता है कि पत्रकार मृत्युंजय पांडेय ने ड्यूटी के दौरान हंसडीहा थाना प्रभारी ताराचंद्र पर दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाया था। घटना के बाद मामला तूल पकड़ गया और जिले भर के पत्रकार संगठनों ने एकजुट होकर दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
लगातार बढ़ते दबाव और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए निलंबन की कार्रवाई की। इस फैसले से पत्रकारों में संतोष देखा जा रहा है और इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एवं पत्रकार सुरक्षा की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मामले की आगे भी जांच जारी रहेगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।






