अटल जयंती समारोह सह कार्यकर्ता मिलन समारोह का आयोजन, नेताओं ने किया अटल जी के विचारों का स्मरण
जमशेदपुर
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी व्यापारिक प्रकोष्ठ की ओर से अटल जयंती समारोह सह कार्यकर्ता मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेश संयोजक श्रीमान नीरज सिंह जी के नेतृत्व में 25 दिसंबर को मानगो–डिमना रोड स्थित महेंद्र मैरिज हॉल में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों के लिए पारंपरिक लिट्टी पार्टी का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर महानगर की लोकप्रिय सांसद श्रीमान विद्युत वरण महतो जी, विशिष्ट अतिथि के रूप में जमशेदपुर पश्चिम के एनडीए विधायक एवं वरिष्ठ नेता श्रीमान सरयू राय जी उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के प्रतिनिधि श्रीमान मनोज सिंह जी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमान सुधांशु ओझा जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
सभी अतिथियों एवं वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने अपने संबोधन में अटल जी के विचारों, राष्ट्रनिर्माण में उनके अतुलनीय योगदान, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं आमजनों ने लिट्टी–चोखा एवं जलेबी का आनंद लिया। संपूर्ण आयोजन सौहार्दपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






