डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड का मास्टरमाइंड जयपुर से गिरफ्तार
रांची। झारखंड अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) रांची की साइबर क्राइम थाना टीम को बड़ी सफलता मिली है। विभाग ने डिजिटल अरेस्ट धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में मुख्य आरोपी योगेश सिंह सिसोदिया को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है।
यह गिरफ्तारी उन साइबर अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, जो खुद को केंद्रीय प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी बताकर लोगों को डराते-धमकाते थे और उनसे भारी-भरकम रकम ठग लेते थे।
मामला साइबर क्राइम थाना कांड संख्या 118/24, दिनांक 22 अप्रैल 2024 से संबंधित है। यह रांची के एक पीड़ित से जुड़ा है, जिसे ठगों ने केंद्रीय एजेंसी का अधिकारी बनकर फोन और वीडियो कॉल के माध्यम से झांसा दिया। आरोपी ने पीड़ित को “डिजिटल अरेस्ट” की धमकी दी और गिरफ्तारी से बचने के लिए तत्काल धनराशि ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। भय और दबाव में आकर पीड़ित ने ठगों के बताए बैंक खातों में तीस लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
सीआईडी की टीम ने तकनीकी जांच और ट्रांजेक्शन ट्रेल के आधार पर आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया और जयपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया। विभाग अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रहा है।






