राष्ट्रपति दौरे की तैयारी के बीच जिला मुख्यालय के पास चोरी, सुरक्षा पर उठे सवाल

राष्ट्रपति दौरे की तैयारी के बीच जिला मुख्यालय के पास चोरी, सुरक्षा पर उठे सवाल
जमशेदपुर।
एक ओर जहां जमशेदपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है, वहीं दूसरी ओर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला मुख्यालय से महज कुछ ही दूरी पर बीती रात चोरों ने आधा दर्जन से अधिक फुटपाथी दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने गैस कटर की मदद से दुकानों के ताले काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। शनिवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए।
यह घटना साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत जुबिली पार्क गेट के समीप की बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल जिला मुख्यालय से महज लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे इस चोरी की वारदात को और भी गंभीर माना जा रहा है।
चोरी की चपेट में आई दुकानों में अभिनाश कुमार की पान दुकान, राजा कुमार की मोमोज दुकान, प्रदीप दास की दूध दुकान, सदन केवट की लिट्टी दुकान, बाबुनंद की चाय दुकान, विष्णु की पान दुकान सहित अन्य फुटपाथी दुकानें शामिल हैं। फिलहाल दुकानदार चोरी गए सामान और नकदी का आकलन करने में जुटे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों में दहशत का माहौल है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई