एनआईटी जमशेदपुर का 15वां दीक्षांत समारोह 29 दिसंबर को, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी मुख्य अतिथि

एनआईटी जमशेदपुर का 15वां दीक्षांत समारोह 29 दिसंबर को, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी मुख्य अतिथ

 

जमशेदपुर। आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में 29 दिसंबर को आयोजित होने वाले 15वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।

 

इसी क्रम में सोमवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और एसपी मुकेश लुनायत सहित वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने एनआईटी परिसर का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा लिया और संस्थान प्रबंधन व संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

एनआईटी के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने बताया कि दीक्षांत समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संबोधन देंगी तथा बीटेक और एमटेक की एक-एक छात्रा को गोल्ड मेडल से सम्मानित करेंगी। समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर लगभग एक हजार छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।

 

राष्ट्रपति मुर्मू के 29 दिसंबर को दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। दीक्षांत समारोह से पहले वे सुबह करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर में ‘ओल चिकी लिपि’ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेमिनार के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए हैं।

Leave a Comment