हाता चौक पर स्कूल बस की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, मुआवजे को लेकर हंगामा

हाता चौक पर स्कूल बस की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, मुआवजे को लेकर हंगाम

 

जमशेदपुर : शिक्षकों एवं छात्रों को लेकर जा रही नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की बस से सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे हाता चौक पर हुई, जहां बस की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की बस गंगाडीह स्थित विद्यालय से निकलकर हाता की ओर जा रही थी। उसी दौरान जुड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय परिमल गोप, जो पेशे से मजदूर थे, साइकिल से मजदूरी करने हांसल की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे हाता चौक पहुंचे, बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस साइकिल सवार को लगभग 20 फीट तक घसीटते हुए आगे बढ़ गई। गंभीर चोट लगने के कारण परिमल गोप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

 

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर पोटका पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। परिजनों का कहना था कि परिमल गोप परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। उनका एक 14 वर्षीय बेटा है और उनकी मौत से परिवार पूरी तरह से टूट गया है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की।

 

सूचना मिलने पर पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने हाता चौक पर बढ़ते सड़क हादसों को लेकर प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Comment