मानगो थाना परिसर में हंगामा व तोड़फोड़, दोनों पक्षों के 13 नामजद, 15 अज्ञात पर एफआईआर, सात आरोपी गिरफ्तार, पुराना विवाद बना वजह

मानगो थाना परिसर में हंगामा व तोड़फोड़, दोनों पक्षों के 13 नामजद, 15 अज्ञात पर एफआईआर, सात आरोपी गिरफ्तार, पुराना विवाद बना वज

 

 

 

जमशेदपुर : मानगो थाना परिसर में रविवार देर रात हुए हंगामा और तोड़फोड़ की गंभीर घटना को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 13 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जबकि 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। एफआईआर मानगो थाने में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार के आवेदन पर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार देर रात थाना परिसर में उस समय हुई जब दोनों पक्षों के लोग आपसी विवाद को लेकर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपियों ने थाना परिसर में जमकर हंगामा किया। प्राथमिकी में आरोप है कि आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की नीयत से हमला करने की कोशिश की, लाइसेंसी हथियार लहराए और सरकारी कार्य में गंभीर रूप से बाधा डाली। घटना के दौरान थाना परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया था।

 

प्राथमिकी में जिन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, उनमें रहमत सईद खान उर्फ हन्ने, उनके भाई जाकिर खान, हन्ने के बेटे अराफ सईद खान, जाकिर के बेटे शाद सईद खान, अबूजर खान, असलम सईद खान, शाहिद उर्फ छोटा कुबड़ा, आजाद नगर रोड नंबर 17 निवासी औरंगजेब, सिम्स अस्पताल के स्टाफ शाहिद अकबर, इम्तियाज अहमद, दया अस्पताल के संचालक मुमताज के बेटे श्यान अहमद, आजाद नगर रोड नंबर 12 निवासी शहनवाज हुसैन और युनुस हुसैन शामिल हैं।

 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दया अस्पताल के संचालक मुमताज के बेटों और सिम्स अस्पताल के संचालक रहमत सईद खान के बेटे के बीच पुराना विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद के कारण रविवार रात स्थिति बेकाबू हो गई और मामला थाना तक पहुंच गया। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई