*रांची में क्रिसमस कार्निवल शोभायात्रा से गूंजी खुशियों की धुन*
*नागपुरी गीतों, बैंड और युवाओं ने दिया प्रेम, शांति और एकता का संदेश*
*रांची* राजधानी रांची में झारखंड क्रिश्चियन युथ एसोसिएशन की अगुवाई में शनिवार को भव्य क्रिसमस कार्निवल शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर शहर प्रेम, शांति और सामाजिक एकता के संदेश से गूंज उठा। नागपुरी गीतों, आधुनिक बैंड और युवाओं की झूमती तालों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
शोभायात्रा की शुरुआत पुरूलिया रोड स्थित लोयला ग्राउंड से हुई, जो डंगरा टोली, सर्जना चौक, अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए वापस लोयला ग्राउंड पहुंची, जहां कार्यक्रम सभा में परिवर्तित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संत मरिया गिरजाघर के पल्ली पुरोहित फादर आनंद डेविड खलखो की प्रार्थना से हुई।
*✝️ “क्रिसमस प्रेम और भाईचारे का पर्व है” – दीपक किंडो*
इस अवसर पर आर्च डायसिस के युथ डायरेक्टर दीपक किंडो ने कहा कि “यीशु मसीह का जन्म पूरे ब्रह्मांड को प्रेम और एकता के सूत्र में बांधने वाला क्षण है।” उन्होंने कहा कि यीशु समाज में फैले भेदभाव को मिटाने और प्रेम, क्षमा तथा विनम्रता का संदेश देने आए थे। क्रिसमस आपसी भाईचारे और साथ समय बिताने का पर्व है।
*नागपुरी गीतों और बैंड पर थिरके युवा*
कार्यक्रम में बैंड कलाकारों सुंदर सिंह, भुषण मुंडु, पिंटू पोल, किशोर तिरू और सतीश कुजुर ने अपनी शानदार धुनों से सबका मन मोह लिया। वहीं नागपुरी गायकों मोनिका मुंडु, पवन राय और विक्रम परधिया ने “झिंगुर बोलेना” और “एगो तारा टिमटीम चमकेला” जैसे लोकप्रिय गीतों से माहौल को झूमने पर मजबूर कर दिया।
युवाओं और समाजसेवियों की रही बड़ी भागीदारी
कार्यक्रम में फादर रवि खेस, पास्टर सुजित कलदीप तिर्की, अलविन लकड़ा, सैलु डहंगा, संदीप उरांव, महिमा गोल्डेन, हरषिद तिर्की, अभिषेक बाड़ा, अरुण नगेशिया और समीर सांगा समेत बड़ी संख्या में युवा और समाजसेवी मौजूद रहे।





