*झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स का बड़ा कदम — अंबानी, अडानी, टाटा, जिंदल सहित देश के बड़े उद्योगपतियों को झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रण*

*झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स का बड़ा कदम — अंबानी, अडानी, टाटा, जिंदल सहित देश के बड़े उद्योगपतियों को झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रण

 

*रांचीः* राज्य में औद्योगिक विकास को नई रफ़्तार देने के उद्देश्य से झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बड़ा कदम उठाया है। चैंबर ने देश के सभी प्रमुख औद्योगिक घरानों — अंबानी, अडानी, जिंदल, टाटा सहित एक दर्जन से अधिक बड़े बिज़नेस ग्रुप्स को झारखंड में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित किया है।

 

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने बताया कि इस पहल का मकसद राज्य में औद्योगिक माहौल तैयार करना और निवेश को आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि झारखंड के स्थानीय व्यवसायी सरकार के साथ मिलकर बड़े उद्योगपतियों से संपर्क में हैं ताकि राज्य को औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान मिल सके।

 

चैंबर का मानना है कि प्राकृतिक संसाधनों और मैनपॉवर की प्रचुरता के बावजूद झारखंड अभी भी विकसित राज्यों से पीछे है। अध्यक्ष मल्होत्रा ने कहा कि यदि सरकार की औद्योगिक नीतियों को ईमानदारी से ज़मीन पर उतारा जाए, तो झारखंड को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाया जा सकता है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि बड़े उद्योग लगने से छोटे और मध्यम उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मज़बूती मिलेगी। फिलहाल झारखंड में सिर्फ दो स्टील प्लांट कार्यरत हैं, लेकिन यहां रेलवे उपकरण निर्माण, न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों में भी बड़ी संभावनाएं हैं।

 

इसके अलावा, आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड में पर्यटन की असीम संभावनाएं और प्रचुर मैनपॉवर मौजूद है। यदि बड़े उद्योग यहां आते हैं, तो रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

 

उन्होंने बताया कि झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स देश के प्रमुख उद्योगपतियों से बैठक कर उन्हें राज्य की संभावनाओं से अवगत कराने की तैयारी कर रहा है। यदि इन उद्योगपतियों का रुख सकारात्मक रहा, तो यह राज्य के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी।

Leave a Comment