*अबूआ सरकार जनसशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध, हर नागरिक योजना का पूरा लाभ उठाए — विधायक संजीव सरदार*
*पोटका व बागबेड़ा में ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ कार्यक्रम का विधायक संजीव सरदार ने किया शुभारंभ*
पोटका : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर पोटका प्रखंड अंतर्गत पोटका पंचायत में ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ पोटका विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विधायक संजीव सरदार ने कहा कि अबूआ सरकार का एक मात्र उद्देश्य है—जनकल्याण, सुविधा और पारदर्शिता को गांव–गांव, घर–घर तक पहुँचाना. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और विभिन्न योजनाओं की जानकारी व लाभ प्राप्त किया।
*लाभुकों को मिला ऑन-स्पॉट योजनाओं का लाभ*
कार्यक्रम के दौरान कई लाभुकों को विधायक संजीव सरदार द्वारा सीधे हाथों स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें अबूआ आवास, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र, छात्र-छात्राओं के लिए उन्नति की पहिया साइकिल वितरण, अन्नप्राशन, गोदभराई आदि शामिल थे। इस अवसर पर पोटका सीओ निकिता बाला, बीडीओ अरुण कुमार मुंडा समेत सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित थे.
*बागबेड़ा में भी लगा आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार का कैम्प, भारी उत्साह दिखा*
इसी क्रम में जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत बागबेड़ा में भी ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ, जहाँ विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। यहां भी बड़ी संख्या में लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। यह राज्य सरकार द्वारा आज से पूरे झारखंड में शुरू किया गया विशेष अभियान है, जिसमें हर पंचायत में कैंप आयोजित कर योजनाओं को लोगों के घर तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।
*विधायक बोले – “सरकार आपके द्वार केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता को सशक्त बनाने का मिशन है”*
विधायक संजीव सरदार ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का लक्ष्य है—हर पात्र लाभुक तक योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव और बिना किसी देरी के पहुँचे। उन्होंने कहा कि “सरकार आपके द्वार केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता को सशक्त बनाने का मिशन है। हमारी प्रतिबद्धता है कि योजना का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुँचे, ताकि ग्रामीणों की जिंदगी में वास्तविक बदलाव आए।”
कार्यक्रम में जमशेदपुर सीओ मनोज कुमार, बीडीओ सुमित प्रकाश, बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव समेत सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित थे.





