विश्वकर्मा इंजीनियरिंग लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार
जमशेदपुर के बिरसा नगर थाना क्षेत्र में 10 नवंबर को विश्वकर्मा इंजीनियरिंग से करीब दस लाख रुपए और मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो अपराधियों—अजीत बेहरा और बाबू सरदार उर्फ़ नेपु—को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1.23 लाख रुपए नकद, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक स्कूटी, हेलमेट और लूट की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
मंगलवार को सिटी एसपी कुमार शिव आशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लूटकांड का मास्टरमाइंड अजीत बेहरा ही था, जो इसी कंपनी में काम करता था और जिसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। अजीत ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर इस लूट की योजना बनाई थी।
पुलिस ने अजीत बेहरा और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
सिटी एसपी ने यह भी कहा कि प्रारंभिक सूचना में 10.25 लाख रुपए की लूट का दावा किया गया था, लेकिन जांच में यह स्पष्ट हुआ कि करीब 4.50 लाख रुपए के आसपास की ही लूट हुई थी, जिसमें से 1.23 लाख रुपए की रिकवरी कर ली गई है।






