शिल्पा राव के लाइव सॉन्ग पर झूम उठा मोरहाबादी, कल्पना सोरेन भी मंच पर संग हुईं शामिल
रांची : झारखंड स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन मोरहाबादी मैदान संगीत की सुरमई शाम का साक्षी बना। बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर शिल्पा राव जब अपनी दिलकश आवाज़ में लाइव प्रस्तुति दे रही थीं, पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। दर्शक पूरी तरह उनके सुरों में डूबे हुए थे।
इसी बीच एक अनोखा और यादगार पल आया—विधायक कल्पना सोरेन दर्शकों की भीड़ से उठकर सीधे स्टेज पर पहुंच गईं और शिल्पा राव के साथ मंच साझा किया। शिल्पा राव के गीतों का असर ऐसा था कि कल्पना सोरेन खुद को रोक नहीं पाईं और मंच पर जाकर बॉलीवुड गीतों पर सुर मिलाने लगीं।
दोनों ने बेहद सहजता और आत्मीयता के साथ मिलकर प्रस्तुति दी, जिसने पूरे माहौल को और भी खास बना दिया। दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से उनका लगातार उत्साह बढ़ाते रहे। लोगों ने इस पल को झारखंड स्थापना दिवस समारोह के सबसे खास और यादगार क्षणों में से एक बताया।
शिल्पा राव ने भी मुस्कुराकर कल्पना सोरेन का स्वागत किया और दोनों ने मिलकर सुरों की ऐसी संगति बनाई कि मैदान में मौजूद हर व्यक्ति झूम उठा। शिल्पा राव के गीतों पर दर्शकों ने जमकर आनंद लिया और देर रात तक माहौल संगीतमय बना रहा।
यह पल लोगों की स्मृतियों में लंबे समय तक बस जाने वाला है।






