आदित्यपुर यार्ड में बड़ा हादसा टला, बिना इंजन दौड़ी मालगाड़ी ने दूसरी ट्रेन को मारी टक्कर

आदित्यपुर यार्ड में बड़ा हादसा टला, बिना इंजन दौड़ी मालगाड़ी ने दूसरी ट्रेन को मारी टक्कर

जमशेदपुर : आदित्यपुर रेलवे यार्ड के पास बुधवार सुबह करीब 9:45 बजे एक बड़ा रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया। शर्मा बस्ती की दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक मालगाड़ी यार्ड की दीवार तोड़ते हुए वहां पहले से खड़ी दूसरी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए और यार्ड में भारी अफरातफरी मच गई।

हादसे के वक्त यार्ड में कई मजदूर माल उतारने और लाइन जांचने का कार्य कर रहे थे। अचानक तेज धमाके के साथ टक्कर हुई तो सभी मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सौभाग्य से सभी समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। यार्ड के आसपास के लोग भी आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टकराने वाली मालगाड़ी बिना इंजन के ही लाइन पर दौड़ती हुई आई थी। माना जा रहा है कि किसी तकनीकी खराबी, ब्रेक फेल या गार्डनिंग त्रुटि के कारण यह ट्रेन अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गई और यार्ड की दीवार तोड़ते हुए दूसरी मालगाड़ी से जा टकराई।

सूचना मिलते ही रेलवे के वरीय अधिकारी, यार्ड प्रबंधक और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और रेल लाइन को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। फिलहाल, रेलवे ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार कर्मियों की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है।

Leave a Comment