चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का प्रभाव झारखण्ड में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र राँची के अनुसार, तूफान के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में 1 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना है।
हालांकि, 2 नवंबर के बाद मौसम साफ होने के आसार हैं और उसके बाद सर्दी में तेजी आने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में राज्य में अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि पश्चिमी सिंहभूम के सोनुआ में सबसे ज्यादा 75.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। 1 नवंबर की सुबह कोहरा या धुंध छा सकता है, जबकि दिन में आंशिक बादल रहेंगे।
राज्य के पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 2 नवंबर के बाद आसमान साफ होते ही रात के तापमान में गिरावट आएगी और राँची समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हिमालय में बर्फबारी होने पर नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड और बढ़ने की संभावना है।




