चांडिल से बड़ी खबर — छठ पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के तीन लोग नदी में डूबे
चांडिल (सरायकेला-खरसावां):
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान सोमवार की शाम सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल के शहरबेड़ा छठ घाट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया।
घाट पर अर्घ्य के दौरान एक ही परिवार के तीन लोग नदी में डूब गए।
घटना में 14 वर्षीय
आर्यन यादव का शव बरामद कर लिया गया है,
जबकि 45 वर्षीय संजय सिंह और 19 वर्षीय प्रतीक कुमार की तलाश देर रात तक जारी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी।
संध्या अर्घ्य के दौरान कई बच्चे नदी में नहा रहे थे।
इसी दौरान आर्यन यादव अचानक गहरे पानी में फिसल गया।
उसे बचाने के लिए परिवार के संजय सिंह और प्रतीक कुमार नदी में कूद पड़े,
लेकिन तीनों ही पानी की तेज धार में बह गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तत्काल खोजबीन शुरू की गई।
कुछ घंटों के बाद आर्यन यादव का शव बरामद किया गया,
जबकि बाकी दोनों की तलाश जारी है।
सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इसके बाद उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत भी घटनास्थल पहुंचे।
उपायुक्त ने बताया कि यह घाट पहले से ही डेंजर जोन घोषित किया गया था,
फिर भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों की खोज है और
घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि शहरबेड़ा घाट पर यह कोई पहली घटना नहीं है।
हर साल सुरक्षा के वादे किए जाते हैं, लेकिन तैयारी पर्याप्त नहीं होती।
इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक और आक्रोश से भर दिया है।




