रांची/जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी टुइलाडुंगरी निवासी दशरथ शुक्ला को बुंडू पुलिस ने जेल भेज दिया. दशरथ शुक्ला के पास से तीन 7.65 बोर का लोडेड पिस्तौल, दो मैगजीन, एप्पल कंपनी की दो मोबाइल, एक काला रंग का बैग बरामद किया गया है. दशरथ शुक्ला को लेकर रांची के ग्रामीण एसपी ने संवाददाता सम्मेलन किया और जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि दशरथ शुक्ला के खिलाफ जमशेदपुर के गोलमुरी थाना में 6, साकची थाना में दो केस दायर है. इसमें आर्म्स एक्ट का भी केस शामिल है. रांची के ग्रामीण एसपी ने बताया कि रांची के एसएसपी को गुप्त सूचना मिला कि एक संदिग्ध व्यक्ति आर्म्स के साथ बुण्डू थाना अन्तर्गत ग्राम ऐदलहातु एनएच 33 के किनारे सूर्य मंदिर तोरण द्वार के पास किसी को हथियार सप्लाई करने वाला है. उक्त सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुण्डू के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बुण्डू थाना अन्तर्गत एनएच 33 के किनारे सूर्य मंदिर तोरण द्वार के पास पहुंचकर घेराबंदी की गई. तत्पश्चात एक व्यक्ति काला रंग का बैग हाथ में लेकर आया. जैसे हीं उसकी नजर पुलिस पर पड़ी तो वह तेजी से भागने लगा.
जिसे पुलिस द्वारा दौड़ाकर पकड़ा गया. नाम पता पुछने पर अपना नाम दशरथ शुक्ला पता-पूर्वी सिंहभूम जमशेदपूर बताया। संदेह के आधार पर विधिवत तलाशी के दौरान दशरथ शुक्ला के कमर से एक लोडेड पिस्टल बरामद किया गया तथा उसके काले रंग के बैग का तालाशी लेने पर एक काला रंग का 7.65 बोर का लोडेड पिस्टल, एक काला-सिल्वर रंग का 7.65 बोर का लोडेड पिस्टल 4.02 (दो) सिल्वर रंग का 7.65 बोर का मैगजीन, एक नारंगी सिल्वर रंग का ओप्पो कम्पनी का एफ-17 मोबाईल फोन, एक सिल्वर रंग का एप्पल कम्पनी का आईफोन 13 मिनी, एक काला रंग का बैग बरामद किया गया. इसके बाद इनसे आगे पूछताछ करने पर बताया कि उक्त सभी हथियार को झारखंड के गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के गिरोह के सदस्य को देने के लिए आये थे. इसके बाद दशरथ शुक्ला को हिरासत में लिया गया और अग्रतर कार्रवाई हेतु बुण्डू थाना ले जाया गया. पुलिस ने बताया है कि दशरथ शुक्ला ने ही भुइयांडीह में कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर गोली चलवायी थी. बताया जाता है कि दो करोड़ की रंगदारी के लिए फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था. उसने हरेराम सिंह के बेटे हरीश सिंह के साथ रहते हुए रंगदारी की मांग करायी थी. उसने बताया है कि वह
सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान के गिरोह से जुड़ा हुआ है.
सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह को जमशेदपुर में स्थापित करने के लिये दशरथ शुक्ला काम कर रहा था और वहां हरेराम सिंह समेत कई लोगों की रेकी करता था. उसके साथ टेल्को निवासी आकाश सिंह भी जुड़ा था. दशरथ शुक्ला और आकाश सुजीत सिन्हा गिरोह से छह पिस्तोल और भारी मात्रा में गोली लेकर जमशेदपुर गया था. दशरथ शुक्ला ने हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग की बात को स्वीकारी है. दशरथ शुक्ला ने बताया है कि हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग गोलमुरी निवासी गोपाल, राजेश और कोंदू ने की थी. दशरथ शुक्ला के कहने पर ही यह फायरिंग की घटना को इन लोगों ने अंजाम दिया था और पिस्तौल भी उसने ही दी थी. दशरथ शुक्ला के निशानदेही पर पुलिस ने आकाश सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आकाश सिंह की निशानदेही पर तीन पिस्तौल और बारी मात्रा में गोली बरामद की है.






