पटना में पहले दिन पांच हजार यात्रियों ने किया मेट्रो से सफर, आमदनी 80 हजार

पटना में पहले दिन पांच हजार यात्रियों ने किया मेट्रो से सफर, आमदनी 80 हजार
पटना : राजधानी पटना ने मंगलवार को अपने सपनों को हकीकत में बदलते देखा, जब वर्षों की प्रतीक्षा के बाद मेट्रो ट्रेन सेवा आम यात्रियों के लिए शुरू कर दी गई। सुबह से ही शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
लोग परिवार, दोस्तों और बच्चों के साथ स्टेशन पर पहुंचे और मेट्रो की पहली यात्रा का हिस्सा बने। पहले दिन पांच हजार यात्रियों ने मेट्रो से सफर किया। 80 हजार रुपये मेट्रो को आमदनी हुई।
पहले चरण में पाटलीपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ तक की मेट्रो सेवा शुरू की गई है। पटना मेट्रो का पहले दिन हर स्टेशन पर भीड़ उमड़ी रही। लोग सेल्फी लेते दिखे, बच्चों में नई ट्रेन को देखकर उत्साह चरम पर था। कई बुजुर्ग यात्रियों ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इस क्षेत्र में मेट्रो जैसी सेवा शुरू होगी।
सुबह आठ बजे से मेट्रो सेवा शुरू हुई और पहले घंटे उम्मीद से कम यात्रियों ने सफर किया, लेकिन समय चढ़ते ही यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी। सुबह 11 बजे से मेट्रो में अच्छी भीड देखने को मिली। स्टेशन परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं को देखकर लोग प्रभावित हुए। यात्रियों ने कहा कि मेट्रो का डिब्बा पूरी तरह वातानुकूलित है, बैठने की व्यवस्था आरामदायक है और सफर बिल्कुल झटका रहित है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई