लुगू मुर्मू की 15वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे विधायक संजीव सरदार
विधायक संजीव सरदार बोले – लुगू दा का संघर्ष और समर्पण झारखंड की पहचान का प्रतीक रहेगा
जादूगोड़ा।
पोटका प्रखंड के भाटिन गांव में झारखंड आंदोलन के प्रखर सेनानी लुगू मुर्मू की 15वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
“लुगू दा का जीवन संघर्ष और समर्पण का प्रतीक” – संजीव सरदार
विधायक संजीव सरदार ने लुगू मुर्मू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा, “लुगू दा जैसे वीर सेनानियों के बलिदान और संघर्ष की बदौलत ही आज झारखंड राज्य की पहचान है। उन्होंने झारखंड आंदोलन को नई दिशा दी और अपने जीवन का हर क्षण समाज और राज्य की अस्मिता की रक्षा में समर्पित कर दिया।”
उन्होंने आगे कहा कि लुगू मुर्मू ने रेल रोको आंदोलन और कई ऐतिहासिक जनआंदोलनों में भाग लेकर झारखंड की आवाज को बुलंद किया। उनका जीवन त्याग, तपस्या और संघर्ष की मिसाल है। विधायक ने लुगू मुर्मू के परिवारजनों से मिलकर उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
सभा में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई और संकल्प लिया गया कि उनके आदर्शों पर चलते हुए झारखंड के सम्मान और विकास की लड़ाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन स्थानीय शिक्षक शिशु सरकार ने किया। इस अवसर पर झामुमो नेता सुधीर सोरेन, बुद्धेश्वर सरदार, बिद्या सागर दास, धरनी दास, रामो सोरेन, सुकरमुनी मुर्मू, फूलो सोरेन, फागू मुर्मू, हितेश भगत सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।



