स्वर्णरेखा नाम से बनेगा नया रेलवे स्टेशन, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर

स्वर्णरेखा नाम से बनेगा नया रेलवे स्टेशन, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर

जमशेदपुर : रेलवे विभाग ने पूर्वी सिंहभूम जिले को एक बड़ी सौगात देने का निर्णय लिया है। “स्वर्णरेखा” नाम से एक नया रेलवे स्टेशन जल्द ही टाटानगर और बादामपहाड़ के बीच स्थापित किया जाएगा। इसे खासतौर पर स्थानीय ग्रामीण यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है।

इस प्रस्ताव को लेकर क्षेत्र में उत्साह की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने रेलवे विभाग के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, चक्रधरपुर रेल मंडल द्वारा पहले इस प्रस्तावित स्टेशन को लेकर सर्वेक्षण कराया गया था। जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो ने लगातार ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों की मांगों को लेकर रेलवे मंत्रालय के समक्ष आवाज उठाई थी, जिसके परिणामस्वरूप यह प्रस्ताव आगे बढ़ा है।

10वां स्टेशन बनेगा “स्वर्णरेखा”

“स्वर्णरेखा” स्टेशन टाटानगर-बादामपहाड़ रेल मार्ग का 10वां स्टेशन होगा। इससे खासकर हल्दीपोखर के आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को रेल परिवहन में बेहतर सुविधा मिलेगी। इस स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा जिसमें शेड, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, टिकट काउंटर आदि शामिल होंगे।

वर्तमान में 5 ट्रेनें करती हैं संचालन

फिलहाल टाटानगर-बादामपहाड़ मार्ग पर तीन मेमू ट्रेनों के साथ-साथ दो साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है — राउरकेला-बादामपहाड़ और शालीमार-बादामपहाड़। अक्टूबर 2019 में सांसद की पहल पर इसी मार्ग पर एक नया रेलवे हॉल्ट बनाया गया था, जहां तीनों मेमू ट्रेनें प्रतिदिन ठहरती हैं।

दो अन्य हॉल्ट की भी मांग

जानकारी के अनुसार, गुरुमहीसानी और आंवलाजुड़ी स्टेशन के बीच टांगरजोड़ा और शानपखना गांव में रेलवे हॉल्ट बनाए जाने की मांग भी उठी है। इस पर चक्रधरपुर मंडल ने विभिन्न विभागों से सर्वे कराया है। हालांकि, अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गांवों में हॉल्ट बनने से ओडिशा के 5 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई