मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर से 16 लाख की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जहां चॉकलेट फैक्ट्री संचालक से जालसाजों ने 16 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने संचालक को डेबटि कार्ड चालू करने का झांसा देकर खाते से 16 लाख 8 हजार रुपए उड़ा लिए। चंदवारा जयप्रकाश नगर के आकाश राजपाल ने शुक्रवार को नगर थाने में एफआईआर कराई है। आकाश ने बताया कि बहन की दिसंबर में शादी है। उसी के लिए रुपए रखे थे।
जानकारी के मुताबिक 16 नवंबर की दोपहर को आकाश के मोबाइल पर एक कॉल आई। साइबर फ्रॉड ने कहा कि वह निजी बैंक में क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट का अधिकारी है। आपने डेबिट कार्ड लिया है। ऑनलाइन कार्ड चालू करने में किसी तरह का शुल्क नहीं लगता है। जबकि बैंक से कराने पर चार्ज लगने का झांसा दिया।
इसके बाद डेबिट कार्ड चालू कराने को मोबाइल पर लिंक भेज क्लिक करने को कहा। लिंक पर क्लिक करते ही खाता खाली होने लगा। एक घंटे में आठ बार में 16 लाख 8 हजार रुपए निकल गए। इस मामले में एसओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना की लिखित शिकायत मिली है। और कार्रवाई की जा रही है। राज्य में बीते कुछ सालों में साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़े हैं। जानकारी न होने और सतर्क नहीं होने की वजह से लोग ठगी का शिकार बन रहे हैं।






