ठेकाकर्मी की मौत के बाद परिजनों ने 10 लाख रुपए मुआवजा के लिए किया हंगामा
जमशेदपुर के मानगो स्थित एनएच 33 पर काम करने के दौरान जिओ कर्मचारी गुलशन बोयपाई (ठेकाकर्मी) की मौत हो गई थी. इधर, गुलशन की मौत के बाद मृतक की मां संजू बोयपाई भाजपा नेता विकास सिंह समेत बस्ती के लोग मानगो डिमना रोड स्थित जिओ फाइबर के कार्यालय पहुंचे. वहां मुआवजा की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. हंगामा होता देख कर्मचारी कार्यालय बंद कर भाग गए. परिजन कार्यालय के बाहर धरना देकर बैठ गए. परिजनों की मांग है कि मृतक की मां को 10 लाख रुपए मुआवजा और जीवन यापन के लिए हर माह 10 हजार रुपए भी दिया जाए.एचआर से हुई है बात : विकास सिंह
मौके पर मौजूद भाजपा नेता विकास सिंह ने बताया कि कंपनी के एचआर हेड से उनकी बात हो रही है. एचआर हेड ने उन्हें कहा है कि उनके आने के बाद वे बात करेंगे. इधर विकास सिंह ने कहा कि जब तक मृतक के परिजन को न्याय नहीं मिल जाता तब तक धरने पर बैठे रहेंगे. बात नहीं बनी तो शव के साथ भी प्रदर्शन करेंगे. बता दें कि मंगलवार देर शाम काम करने के दौरान गुलशन करंट की चपेट में आ गया था. वह जमीन पर गिरकर घायल हो गया था. उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.।।






