स्वदेशी जागरण मंच ने संविधान गौरव दिवस पर आयोजित की विचार गोष्ठी, संविधान के निर्माण एवं महत्व पर हुई विस्तृत चर्चा हुई।
संविधान गौरव दिवस के अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच, जमशेदपुर महानगर इकाई की ओर से गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित मंच के कार्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, उसकी आवश्यकता, उद्देश्यों एवं देश के लोकतांत्रिक विकास में उसकी भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि के रूप में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्री मनोज कुमार सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ शिक्षक श्री राकेश पांडेय, लेखक श्री मिथिलेश चौबे सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता श्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान का निर्माण कोई सामान्य प्रक्रिया नहीं थी, बल्कि यह व्यापक जनप्रतिनिधित्व, गहन विचार-विमर्श और वर्षों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम था। संविधान सभा में देश के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संविधान निर्माण के लिए अनेक समितियों एवं उपसमितियों का गठन किया गया था, जिन्होंने विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक अध्ययन, सुझाव और मंथन किया। लंबे समय तक चली गहन चर्चाओं, विचारों के आदान-प्रदान और व्यापक विमर्श के बाद भारतीय संविधान अस्तित्व में आया। यह संविधान देश की विविधता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया, जो आज भी हमारे लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला है।
वक्ताओं ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में भारत सरकार ने वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। संविधान निर्माण की प्रक्रिया में संविधान सभा की विभिन्न समितियों और उनके सदस्यों ने अथक परिश्रम एवं व्यापक विचार-विमर्श के बाद देश को एक ऐसा संविधान प्रदान किया, जो भारत की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक अधिकारों का मजबूत आधार बना।
वक्ताओं ने कहा कि अनेक चुनौतियों और परिस्थितियों के बावजूद भारतीय संविधान ने पिछले 76 वर्षों में देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान की है। संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं अपने अधिकारों के संरक्षण का अवसर प्रदान करता है।
चर्चा के दौरान यह भी कहा गया कि संविधान में निहित प्रावधानों का समय-समय पर कुछ लोगों द्वारा दुरुपयोग भी किया गया है, लेकिन इससे संविधान की मूल भावना और उसकी महत्ता कम नहीं होती। आवश्यकता इस बात की है कि प्रत्येक नागरिक संविधान में प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ उसमें निहित कर्तव्यों को भी समझे और उनका पालन करे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संविधान की मूल भावना, राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान एवं उसकी वास्तविक भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में संचाल ज़िले के युवा प्रकोष्ठ अखिलेश सिंह जी ने किया।
चर्चा में मुख्य रूप से ज द यू के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव , मंच के प्रचार प्रमुख अमित मिश्रा, कौशल किशोर, देव कुमार, मनोज सखूजा, गुरजीत सिंह, रमेश कुमार, देव मुखर्जी, विनय कुमार, घनश्याम दास, मुकेश कुमार व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






