छठ से पहले घाटों की व्यवस्था होगी दुरुस्त, विधायक संजीव सरदार ने बागबेड़ा के चार घाटों का किया निरीक्षण
बीडीओ को साफ-सफाई, खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश, विधायक बोले- श्रद्धालुओं को नहीं होनी चाहिए कोई परेशानी
जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पोटका विधायक संजीव सरदार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उन्होंने जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत बागबेड़ा क्षेत्र के बड़ौदा घाट, रिवर व्यू कॉलोनी घाट, कुसुम घाट और पत्थर घाट का निरीक्षण किया। विधायक ने घाटों की मौजूदा स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को छठ पूजा से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा के लिए पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
छठ से पहले सभी घाटों की साफ-सफाई और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था हो
निरीक्षण के दौरान विधायक संजीव सरदार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनीत प्रकाश को निर्देश दिया कि सभी घाटों की बेहतर साफ-सफाई समय रहते सुनिश्चित करायी जाए। जहां स्ट्रीट लाइट खराब हैं, उनकी तत्काल मरम्मत करायी जाए तथा जिन स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था नहीं है, वहां नई स्ट्रीट लाइट लगायी जाए। उन्होंने कहा कि छठ के दौरान श्रद्धालु सुबह और शाम अर्घ्य देने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं, ऐसे में पर्याप्त रोशनी और स्वच्छ वातावरण बेहद जरूरी है।
श्रद्धालुओं के आवागमन में नहीं हो परेशानी, सड़कों की कराएं मरम्मत
विधायक ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने फोन पर डीडीसी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए जरूरत के अनुसार सड़कों की मरम्मत करायी जाए, ताकि किसी भी व्रती या श्रद्धालु को आने-जाने में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि लाखों की संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा के लिए इन घाटों पर पहुंचते हैं। इसलिए सभी व्यवस्थाओं की पहले से समीक्षा कर कमियों को दूर करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
छठ महापर्व की तैयारियों पर लगातार रखेंगे नजर : संजीव सरदार
विधायक ने कहा कि छठ महापर्व क्षेत्र के लोगों की आस्था से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए वे स्वयं तैयारियों पर लगातार नजर रखेंगे और समय-समय पर घाटों का निरीक्षण भी करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि छठ से पहले सभी घाट पूरी तरह तैयार हो सकें।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश, पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झामुमो प्रखंड कमेटी के सदस्य सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।






