टाटा स्टील यूआईएसएल ने बिष्टुपुर में आरआरआर सेंटर का किया उद्घाटन, पुरानी वस्तुओं को मिलेगा नया जीवन

टाटा स्टील यूआईएसएल ने बिष्टुपुर में आरआरआर सेंटर का किया उद्घाटन, पुरानी वस्तुओं को मिलेगा नया जीवन

रीयूज, रिड्यूस और रिसाइकल की पहल से जरूरतमंदों को मिलेगी मदद, घरेलू जैविक कचरे से तैयार की जा रही गुणवत्तापूर्ण खाद

जमशेदपुर। शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाटा स्टील यूटिलिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील यूआईएसएल) की ओर से बिष्टुपुर स्थित क्यू रोड में आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकल) सेंटर का उद्घाटन किया गया। यह केंद्र सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं और कचरा प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से पुरानी और अनुपयोगी समझी जाने वाली वस्तुओं को दोबारा उपयोग में लाकर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य लोगों में वस्तुओं के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शहरवासियों से अपील की गई है कि उनके घरों में मौजूद पुराने कपड़े, जूते, किताबें और अन्य उपयोगी घरेलू सामान को फेंकने के बजाय आरआरआर सेंटर को उपलब्ध कराएं। इन वस्तुओं की उपयोगिता के अनुसार उन्हें व्यवस्थित किया जाएगा और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इससे जहां संसाधनों की बर्बादी कम होगी, वहीं जरूरतमंद परिवारों को भी लाभ मिलेगा।

केंद्र के माध्यम से बच्चों से लेकर बड़ों तक के कपड़े, जूते, किताबें और रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाली कई अन्य वस्तुएं लोगों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इन वस्तुओं को सामान्य शुल्क पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। इस पहल से उपयोगी वस्तुओं को दोबारा इस्तेमाल में लाने के साथ-साथ कचरे की मात्रा कम करने में भी मदद मिलेगी।

इसके अलावा, केंद्र में घरों की रसोई से निकलने वाले जैविक कचरे के बेहतर प्रबंधन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जैविक कचरे को वैज्ञानिक तरीके से संसाधित कर गुणवत्तापूर्ण खाद तैयार की जा रही है। इस खाद को आम नागरिकों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे जैविक कचरे का सदुपयोग होगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी अतुल भटनागर ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि आरआरआर सेंटर के माध्यम से पुरानी वस्तुओं को नया उपयोग दिया जा सकेगा। लोगों के घरों में मौजूद पुराने कपड़े, जूते, किताबें और अन्य उपयोगी सामान जरूरतमंदों के काम आ सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से समाज में सहयोग की भावना बढ़ेगी और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल संभव होगा।

आरआरआर सेंटर की शुरुआत से जमशेदपुर में स्वच्छता और टिकाऊ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम उठाया गया है। यदि शहरवासी इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं, तो इससे कचरे को कम करने, उपयोगी वस्तुओं का पुनः इस्तेमाल बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल सकता है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई