दुर्गा पूजा से पहले उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8 हजार किलो जावा महुआ नष्ट, 150 लीटर महुआ शराब जब्त
जमशेदपुर। आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को पोटका और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अवैध महुआ शराब निर्माण के ठिकानों से करीब 8,000 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ नष्ट किया गया, जबकि ह्यूमपाइप बस्ती में अवैध शराब बिक्री केंद्रों से करीब 150 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
उत्पाद विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर पोटका थाना क्षेत्र के लोवाडीह में नदी किनारे और राजकीय विद्यालय के पीछे संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण स्थलों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक उत्पाद, घाटशिला प्रक्षेत्र ने किया। छापेमारी के दौरान विभिन्न ठिकानों पर शराब बनाने के लिए तैयार किया गया भारी मात्रा में किण्वित जावा महुआ बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। विभाग ने इस मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है।
इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ह्यूमपाइप बस्ती में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न अवैध बिक्री केंद्रों से लगभग 150 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। हालांकि, छापेमारी के दौरान संबंधित अभियुक्त मौके से फरार हो गए। विभाग ने फरार आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज किया है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
दुर्गा पूजा के मद्देनजर उत्पाद विभाग द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान अवैध शराब की आपूर्ति पर अंकुश लगाना और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।






