झारखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को वज्रपात ने कहर बरपा दिया। राज्य के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में चार बच्चों और कई महिलाओं सहित कुल 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलस गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़वा जिले के रंका क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं घायल हो गईं। लातेहार में खेत में काम कर रहे दो किसानों की जान चली गई और एक महिला घायल हो गई। पलामू के हुसैनाबाद में भी एक किसान की वज्रपात से मौत हो गई।
चतरा जिले के लावालौंग प्रखंड के भलुआही चानी गांव में धान के खेत में काम कर रहे एक युवक की जान चली गई। वहीं सिमडेगा जिले के जलडेगा प्रखंड के खरवागढ़ा गांव निवासी जॉन लुगुन की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
सबसे अधिक असर गिरिडीह जिले में देखने को मिला। देवरी प्रखंड में खेल रहे चार बच्चों और एक किसान की वज्रपात से मौत हो गई। वहीं गावां और नवडीहा क्षेत्र में धान रोपाई के दौरान दो महिलाओं की जान चली गई। इसके अलावा बगोदर, बिरनी और गांडेय से भी एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है।
दुमका जिले के रामगढ़ क्षेत्र में धान रोपाई के दौरान ठनका गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई अन्य लोग भी वज्रपात की चपेट में आकर घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
इधर, मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए भी झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
राजधानी रांची में भी मंगलवार को तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, करीब दो घंटे के दौरान 35 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी।






