उपायुक्त ने घाटशिला प्रखंड के विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं का किया निरीक्षण

जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 524/2026
30 जुलाई 2026

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध संचालन एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त श्री राजीव रंजन द्वार घाटशिला प्रखंड अंतर्गत विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं जनसुविधाओं का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने गालूडीह के उलदा स्थित नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), गुड़ाझोर गांव में नवनिर्मित एमपीसी (MPC) भवन एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उत्तर पावड़ा स्थित मार्केट कॉम्प्लेक्स तथा चेंगजोड़ा गांव में माझी रामदास टुडू हेरिटेज विलेज का निरीक्षण कर पर्यटकों एवं आमजन के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी परिसंपत्तियों का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने, आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण पूर्ण हो चुका है, उनका संचालन समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित पदाधिकारियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आवश्यक मानव संसाधन, दवाओं एवं चिकित्सीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसके सुव्यवस्थित संचालन एवं स्थानीय व्यवसायियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया।

चेंगजोड़ा स्थित माझी रामदास टुडू हेरिटेज विलेज का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, साइनेज, सौंदर्यीकरण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों को आकर्षक एवं सुविधायुक्त बनाकर स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा दिया जाए।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान, प्रखंड विकास पदाधिकारी घाटशिला सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।#Team PRD (East Singhbhum)

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई