जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9.200 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

जमशेदपुर, 31 जुलाई: वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. ऐहतेशाम वकारिब को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एम.जी.एम. थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय एक गांजा तस्कर गिरोह का कुछ सदस्य भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर जमशेदपुर क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एम.जी.एम. थाना क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्धों को धर दबोचा।

तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 9.200 किलोग्राम अवैध गांजा, ₹31,360 नकद, तथा तस्करी में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद किए गए। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये कीमत होने की संभावना जताई जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं, जो विभिन्न राज्यों से गांजा लाकर झारखंड सहित अन्य क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लायर और खरीददारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच जारी है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके।

पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें नशा तस्करी या अन्य किसी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई