सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में गुरुवार को हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट में गंभीर रूप से झुलसे एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में महिला कर्मी समेत कुल सात मजदूर घायल हुए थे। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।मृतक की पहचान मुरली पात्रो (30 वर्ष), पिता स्वर्गीय तारिणी पात्रो, निवासी ग्राम बासुरदा, थाना गम्हरिया के रूप में हुई है। वह कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।
टीएमएच में इलाज के दौरान हुई मौत
विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसने के बाद मुरली पात्रो को अन्य घायलों के साथ तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल , जमशेदपुर ले जाया गया था। चिकित्सकों के लगातार प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
छह घायलों का चल रहा इलाज
हादसे में घायल सूरज हांसदा, सोनमुनी दास और अनिल यादव का इलाज टीएमएच में चल रहा है। वहीं शैलेंद्र महतो, अंकित कुमार और प्रकाश बोदरा का उपचार स्थानीय संजीवनी नर्सिंग होम में किया जा रहा है। सभी घायलों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका, जांच जारी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसा सिलेंडर ब्लास्ट के कारण हुआ। हालांकि विस्फोट के पीछे तकनीकी खराबी, गैस रिसाव या कोई अन्य कारण था, इसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और फैक्ट्री का निरीक्षण किया। पुलिस फैक्ट्री प्रबंधन से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कंपनी में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
कंपनी की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
हादसे के कई घंटे बीत जाने के बावजूद ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कंपनी प्रबंधन की चुप्पी और मीडिया से दूरी को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





