टिनप्लेट सब्जी मार्केट में फायरिंग कर रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट सब्जी मार्केट में एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की शाम करीब छह बजे टिनप्लेट सब्जी मार्केट में बदमाशों ने एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं मिलने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। मामले में गोलमुरी थाना कांड संख्या 82/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक खोखा और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05-BT-4437) बरामद की गई।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके गिरोह के सदस्य रोमी सिंह उर्फ सरदार के पास भी एक अन्य देशी कट्टा और कारतूस छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने रोमी सिंह को भी गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। इस बरामदगी के आधार पर गोलमुरी थाना में कांड संख्या 83/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

बरामद सामान

दो देशी कट्टा

चार जिंदा कारतूस

एक खोखा

स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05-BT-4437)

आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह के खिलाफ गोलमुरी, बिष्टुपुर और टेल्को थाना में हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं मनदीप सिंह के खिलाफ भी हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में चार मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और घटना के पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment